मनेन्द्रगढ़ में संभागीय स्तर पर यादव समाज की बैठक, जनजागरूकता अभियान की बनी रणनीति

---Advertisement---

मनेन्द्रगढ़ में संभागीय स्तर पर यादव समाज की बैठक, जनजागरूकता अभियान की बनी रणनीति

सामाजिक एकता, संगठन विस्तार और नई पीढ़ी को जोड़ने पर दिया गया जोर

मनेन्द्रगढ़। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की संभागीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को मनेन्द्रगढ़ में समाज के अध्यक्ष गंगा यादव के निवास पर आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत राधे-कृष्ण के छायाचित्र पर धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा अर्चना और स्तुति के साथ हुई। इसके बाद सामाजिक संगठन को मजबूत करने और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अंबिकापुर, बैकुंठपुर, चिरमिरी, मनेन्द्रगढ़, पोड़ी-बचरा, लेदरी, झगराखाण्ड, खोंगापानी सहित संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से यादव समाज के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

सभी जिलों में जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर

बैठक में आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में यादव समाज का व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिये गांव से लेकर जिला और संभाग स्तर तक समाज के लोगों को जोड़ना आवश्यक है। इसके लिये सामाजिक संवाद, जागरूकता कार्यक्रम और निरंतर संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

सभी वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर चर्चा

बैठक में यादव समाज की विभिन्न जातियों और उपनामों से जुड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक एकता और पहचान को मजबूत करने के लिये सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। समाज के लोगों को अपने गोत्र और जातिगत पहचान का उल्लेख यादव समाज के साथ करने के प्रति भी जागरूक करने की बात कही गई।

संगठन विस्तार और सदस्यता पर बनेगी कार्ययोजना

प्रतिनिधियों ने कहा कि आने वाले समय में संभागीय स्तर पर पुनः महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, सामाजिक एकता और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जायेगी। इसके बाद जनजागरूकता अभियान को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर संचालित करने की दिशा में कार्य किया जायेगा

बैठक में युवाओं और नई पीढ़ी को समाज की गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती केवल पद और संगठन तक सीमित नहीं है बल्कि सामाजिक एकता, सक्रिय भागीदारी और नई पीढ़ी की भूमिका से संगठन को नई दिशा मिलेगी। युवाओं को समाज के इतिहास, अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता भी बताई गई।

सामाजिक एकता का लिया संकल्प

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने समाजहित में मिल जुलकर कार्य करने, संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का संकल्प लिया। प्रतिनिधियों ने कहा कि आने वाले समय में यादव समाज को अधिक संगठित और प्रभावशाली बनाने के लिये जमीनी स्तर पर लगातार प्रयास किये जाएंगे।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार यादव, देवधारी यादव, सरगुजा संभाग अध्यक्ष परमानंद यादव, पूर्व पार्षद शिव यादव, जिलाध्यक्ष एमसीबी हरीलाल यादव (गंगा), पूर्व जिलाध्यक्ष एमसीबी रामभजन यादव, जिलाध्यक्ष कोरिया सुशील यादव, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ राम सजीला यादव, महिला प्रकोष्ठ कोरिया अध्यक्ष लक्ष्मी यादव, गोपाल नारायण यादव, नगर अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ वासु यादव, रविन्द्र यादव, राजेश यादव, तुलाराम यादव, लालजी यादव, खोगेंद्र यादव, हरीशचंद्र यादव, शंकर यादव सहित एमसीबी जिले और संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आये यादव समाज के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार और जनजागरूकता अभियान को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। उपस्थित प्रतिनिधियों ने सामाजिक हित के मुद्दों पर एकजुट होकर आगे बढ़ने और संगठन को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment