पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि पर भाजपा सरकार को घेरा
मनेन्द्रगढ़। बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर ने सड़क पर उतरकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन और जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए।
पेट्रोल पंप के सामने आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। लोगों ने कहा कि बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है तथा दैनिक जरूरतों का सामान लगातार महंगा होता जा रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह जनविरोधी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है जबकि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि महिलाओं के लिये घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है। रसोई से लेकर रोजमर्रा की हर वस्तु महंगी हो चुकी है और सरकार राहत देने में विफल साबित हुई है। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। ईंधन कीमतों में वृद्धि से परिवहन खर्च बढ़ा है और इसका असर हर वस्तु की कीमत पर दिखाई दे रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेंद्र पाल मखीजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है जबकि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी बलबीर सिंह ने कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाकर जनता को ठगने का काम किया गया है।
पार्षद इमरान खान ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से छोटे व्यापारियों और वाहन चालकों की हालत खराब हो गई है। पार्षद गिरधर जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण बाजार में मंदी और जनता में भारी आक्रोश है। पार्षद मुकेश अग्रवाल ने कहा कि महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।
जिला कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि मोदी सरकार बढ़ती महंगाई को रोकने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. विनय शंकर सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि महंगाई के कारण गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग प्रभावित है और जनता अब जवाब मांग रही है। युवा कांग्रेस लीगल सेल प्रदेश अध्यक्ष व्यंकटेश सिंह ने कहा कि जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, अमित पुरी, गोपाल गुप्ता, विक्की दत्ता, अशोक गुप्ता, चुनूं त्रिपाठी, साबिर खान, अकरम मंसूरी, स्नेहिल शुक्ला, रंजन शर्मा, राशिद अली, छोटेलाल वर्मा, रूमा चटर्जी, बबीता यादव, ज्योति मजुमदार, शोभना वर्मा, ममता रजक, राम गोपाल वर्मा, मो. सफी, आशीष राय, प्रदीप सोनी, दिपेश केशरवानी, गोपाल यादव, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।



































