मेगा अपार दिवस 13 जून को, अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए विशेष शिविर आयोजित
कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में होगा आयोजन, अभिभावकों को दी जाएगी आवश्यक जानकारी
जमुना कोतमा अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली एवं जिला परियोजना समन्वयक आशुतोष कुशवाहा के निर्देशानुसार जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 1 जून से 30 जून 2026 तक प्रत्येक शनिवार को “मेगा अपार दिवस” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड अनूपपुर के अंतर्गत संचालित समस्त विद्यालयों में 13 जून 2026 को दूसरे शनिवार के अवसर पर मेगा अपार दिवस आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण में 6 जून 2026 को विकासखंड की विभिन्न शालाओं में मेगा अपार दिवस का सफल आयोजन किया जा चुका है। आगामी शिविर में उन विद्यार्थियों एवं अभिभावकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जिनकी अपार आईडी अभी तक नहीं बन पाई है अथवा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में प्रक्रिया लंबित है।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों, पालकों एवं अभिभावकों को अपार आईडी के महत्व, पंजीयन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विस्तार से दी जाएगी। साथ ही दस्तावेजों की कमियों को दूर करने एवं शीघ्र अपार आईडी निर्माण सुनिश्चित करने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र अनूपपुर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी विद्यालय प्रभारियों को शिविर के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, पंजीयन संबंधी सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था शामिल है।
इसके अतिरिक्त विद्यालयों को ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने, मुनादी, सूचना पत्रक एवं अन्य माध्यमों से अधिक से अधिक अभिभावकों तक सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी विद्यार्थी अपार आईडी निर्माण से वंचित न रह जाए।
शिक्षा विभाग का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को राष्ट्रीय स्तर की डिजिटल शैक्षणिक पहचान उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रगति का रिकॉर्ड सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संधारित किया जा सके। मेगा अपार दिवस के माध्यम से जिले में शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं।





































