सीएचओ व एएनएम ने लिया भाग
अनूपपुर 23 मई 2026/ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम पर राज्य स्तरीय दल द्वारा सीएचओ तथा एएनएम आदि का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण उपरांत अमले की दक्षता जानने स्व मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन जिले के चारों विकास खण्डो मे किया गया जिसमें सीएचओ तथा महिला बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) ने स्व मूल्यांकन परीक्षा में हिस्सा लिया।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अलका तिवारी की उपस्थिति में राज्य स्तरीय टीम के उन्मुखीकरण उपरांत आयोजित स्व मूल्यांकन परीक्षा उनके कार्य दक्षता को सुदृढ करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
शनिवार 23 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़, जैतहरी, कोतमा, विकासखंड अनूपपुर तथा जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट स्थित स्वयं सभागार में संयुक्त रूप से मातृ एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्व मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई।
उल्लेखनीय है की राज्य स्तरीय दल द्वारा उन्मुखीकरण प्रशिक्षण में स्वास्थ्य अमले को प्रसव पूर्व देखभाल, पंजीकरण एवं जांच, पोषण और सप्लीमेंट, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, टीकाकरण, प्रसव के दौरान देखभाल, संस्थागत प्रसव, पार्टोग्राफ उपयोग, संक्रमण रोकथाम, अत्यधिक रक्तस्राव प्रबंधन नवजात शिशु की देखभाल, स्तनपान तथा प्रसव उपरांत देखभाल आदि के संबंध में विषय विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई थी।
































































