उपभोक्ताओं की सहायता के लिए शुरु हुआ व्हाट्सऐप चैटबॉट “सोलर चाचा”
अनूपपुर 02 जून 2026/ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बिजली उपभोक्ता अपने घरों की छत पर सोलर सिस्टम लगवाकर बिजली बिल में अप्रत्याशित कमी ला सकते हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत निर्धारित सब्सिडी का लाभ उपभोक्ताओं को मार्च 2027 तक ही मिलेगा। समय-सीमा प्रभावी होने के कारण विभाग द्वारा नागरिकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है। योजना के प्रति आमजन में भारी उत्साह देखा जा रहा है और प्रदेश में अब तक 2 लाख से अधिक उपभोक्ता इस योजना के अंतर्गत अपना नामांकन करा चुके हैं।
योजना के व्यापक और त्वरित प्रचार-प्रसार के लिए मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड द्वारा एक अनूठी डिजिटल पहल की गई है। उपभोक्ताओं की सहायता और मार्गदर्शन के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट “सोलर चाचा” की शुरुआत की गई है। इस चैटबॉट के माध्यम से कोई भी नागरिक घर बैठे योजना से संबंधित समस्त प्रामाणिक और तकनीकी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकता है। “सोलर चाचा” चैटबॉट उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम के चयन से लेकर सब्सिडी की प्रक्रिया तक की पूरी जानकारी साझा करेगा।
योजना का लाभ लेने और अपना सोलर सफर शुरू करने के लिए प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है। इच्छुक हितग्राही अपने मोबाइल से मोबाइल नंबर 8815107640 पर केवल ‘Hello’ लिखकर भेजकर या विभाग द्वारा जारी क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करके सीधे व्हाट्सऐप चैटबॉट से जुड़ सकते हैं। चैटबॉट से प्राप्त निर्देशों का पालन कर उपभोक्ता योजना के लिए अपनी पात्रता और आवेदन की स्थिति भी जान सकते हैं।
जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे मार्च 2027 की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपने घरों में सोलर पैनल लगवाएं। इससे न केवल उपभोक्ताओं को भारी वित्तीय सब्सिडी और हर महीने मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और असीमित सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने में भी एक बड़ा योगदान होगा।



































