लगातार चौथे दिन हाथियों का आतंक, घरों में तोड़फोड़ से ग्रामीण दहशत में
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर: शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर। जिले के वन परिक्षेत्र अनूपपुर में जंगली हाथियों का विचरण लगातार जारी है। चार हाथियों का दल पिछले चार दिनों से दो समूहों में बंटकर अलग-अलग क्षेत्रों में घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। एक ओर तीन हाथियों का समूह खांडा वन बीट के जंगल में डेरा डाले हुए है, वहीं दूसरी ओर एक अकेला नर हाथी पड़रिया और आसपास के क्षेत्रों में लगातार नुकसान पहुंचा रहा है।
जानकारी के अनुसार तीन हाथियों का समूह जिला मुख्यालय से लगभग छह किलोमीटर दूर ग्राम खांडा के जंगल में दिनभर विश्राम करने के बाद देर रात खांडा बांध के भराव क्षेत्र के समीप पहुंचा। हाथियों ने मोहन सिंह के खेत में बने मकान में एक बार फिर तोड़फोड़ की। बताया गया कि हाथी अब तक करीब दसवीं बार इस मकान को नुकसान पहुंचा चुके हैं। हाथियों की गतिविधियों पर ग्रामीण स्वयं निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग का गश्ती दल समय पर मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी है।
इधर एक अकेला बड़ा नर हाथी पड़रिया ग्राम पंचायत के चोई गांव और आसपास के टोला-मोहल्लों में विचरण करता रहा। हाथी ने दो ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर अनाज एवं अन्य घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाया। गुरुवार को दिनभर वह धनगवां बीट के आमापानी जंगल में रुका और शाम होते ही फिर चोई गांव के भलुवान टोला पहुंच गया। इसके बाद वह चोलना बीट के समीप स्थित प्लांटेशन क्षेत्र की ओर चला गया।
वन विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं प्रभावित ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, त्वरित राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र के ग्रामीण रातभर जागकर हाथियों की निगरानी करने को मजबूर हैं।




































