लीटर पेट्रोल ले जा रहा था आरोपी, जैतहरी पुलिस ने दबोचा

---Advertisement---

मोटरसाइकिल पर 150 लीटर पेट्रोल ले जा रहा था आरोपी, जैतहरी पुलिस ने दबोचा

अवैध परिवहन और विक्रय की तैयारी का आरोप, बाइक सहित 72,200 रुपये का मशरूका जब्त

जैतहरी, 24 अगस्त 2026। जैतहरी थाना पुलिस ने अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल का परिवहन कर विक्रय के लिए ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 150 लीटर पेट्रोल और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 72,200 रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 287 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल रंग की मोटरसाइकिल में अवैध रूप से पेट्रोल लोड कर विक्रय के लिए ग्राम छातापटपर की ओर जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए जैतहरी पुलिस टीम ने छातापटपर तिराहा रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान लाल रंग की हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 65 एम 0204 से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। मोटरसाइकिल के दाहिने, बाएं और ऊपर की ओर तीन बड़े झोले टंगे हुए थे। पुलिस टीम ने साक्षियों की मौजूदगी में झोलों की जांच की तो उनमें बड़ी मात्रा में पेट्रोल बरामद हुआ।

तीन झोलों में मिला 150 लीटर पेट्रोल

जांच के दौरान एक झोले में नीले रंग के डिब्बे में 60 लीटर पेट्रोल, दूसरे झोले में नीले रंग के डिब्बे में 40 लीटर पेट्रोल तथा तीसरे बड़े झोले में दो सफेद रंग के डिब्बों में 25-25 लीटर, कुल 50 लीटर पेट्रोल पाया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 150 लीटर पेट्रोल बरामद किया। डिब्बों के ढक्कन खोलकर जांच करने पर उनमें पेट्रोल की गंध भी पाई गई।

मोटरसाइकिल चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लीलाधर राठौर, पिता तुलाराम राठौर, उम्र 35 वर्ष, निवासी आदर्श ग्राम शिवनी, थाना जैतहरी बताया।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पुलिस ने आरोपी को नोटिस देकर ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल के परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने पेट्रोल मरवाही, छत्तीसगढ़ स्थित पेट्रोल पंप से खरीदकर विक्रय के लिए ले जाना बताया।

पुलिस के अनुसार आरोपी का कृत्य धारा 287 बीएनएस के तहत दंडनीय पाए जाने पर उसके कब्जे से तीन बड़े झोलों में रखे चार डिब्बों में कुल 150 लीटर पेट्रोल और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया गया।

72,200 रुपये का मशरूका जब्त

जैतहरी पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 150 लीटर पेट्रोल के साथ हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 65 एम 0204, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए मशरूके की कुल कीमत 72,200 रुपये है।

आरोपी के विरुद्ध धारा 287 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस अब पेट्रोल के अवैध परिवहन और संभावित विक्रय से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अनूपपुर के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय, सउनि जयसिंह, आरक्षक राहुल कंसाना और आरक्षक नरेन्द्र जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment