कृषि चेतना समागम 2026 में जुटेंगे एमसीबी और कोरिया के कृषि अधिकारी
प्रांतीय अध्यक्ष लिखेश वर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य करेंगे संवाद, मैदानी समस्याओं और संवर्गीय हितों पर होगी चर्चा

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष लिखेश वर्मा और प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्यों का दो दिवसीय सरगुजा संभाग प्रवास के दौरान 23 अगस्त को मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में आगमन होगा। इस अवसर पर जिले में “कृषि चेतना समागम 2026” का आयोजन किया जा रहा है
समागम के तहत एमसीबी और कोरिया जिले के कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारियों की बैठक अमृत सदन जनपद पंचायत सभाकक्ष मनेन्द्रगढ़ में होगी। बैठक में प्रांतीय नेतृत्व कृषि अधिकारियों से मैदानी स्तर पर कार्य के दौरान सामने आ रही समस्याओं पर सीधे संवाद करेगा साथ ही समस्याओं के समाधान, लंबित मांगों और संवर्गीय हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जायेगी।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और एकजुट बनाने के साथ आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर भी विचार-विमर्श होगा। अधिकारियों के सुझावों और मैदानी अनुभवों को प्रांतीय नेतृत्व तक पहुंचाने का यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है
संवाद और संगठनात्मक मजबूती पर जोर
“कृषि चेतना समागम 2026” का उद्देश्य कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारियों के बीच आपसी संवाद और समन्वय बढ़ाना, मैदानी स्तर की समस्याओं को प्रांतीय नेतृत्व तक पहुंचाना तथा संगठनात्मक एकता को मजबूत करना है। कार्यक्रम में एमसीबी और कोरिया जिले के कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी।
संघ के प्रांतीय कार्यालयीन सचिव और एमसीबी जिलाध्यक्ष दीपक कुमार साहू ने बताया कि समागम के माध्यम से अधिकारियों को प्रांतीय नेतृत्व के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के साथ अधिकारियों के हितों और लंबित मांगों पर भी चर्चा की जायेगी




























































