अनूपपुर 11 मई 2026/ जनजातीय कार्य विभाग, अनूपपुर के अंतर्गत कार्यरत नियमित और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु विशेष सुनवाई शिविर 13 मई 2026 को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, अनूपपुर में प्रातः 9ः30 बजे से आयोजित होगा। संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास शहडोल संभाग शहडोल की अध्यक्षता में होने वाले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के लंबित पेंशन, वेतन विसंगति, क्रमोन्नति एरियर और जीपीएफ भुगतान जैसे गंभीर प्रकरणों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।
विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत अनूपपुर, जैतहरी, कोतमा और पुष्पराजगढ़ के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों सहित सभी संकुल प्राचार्यों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने साथ स्थापना एवं लेखा शाखा प्रभारी तथा कंप्यूटर ऑपरेटर को समस्त आवश्यक अभिलेखों के साथ लेकर आएँ। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य उन तकनीकी और कागजी औपचारिकताओं को दूर करना है, जिनकी वजह से कर्मचारियों के वित्तीय स्वत्वों का भुगतान लंबे समय से रुका हुआ है।
शिविर के दौरान विशेष रूप से सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के लंबित भुगतान प्रकरणों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे उन सभी संबंधित कर्मचारियों को शिविर में उपस्थित कराएं जिनके मामले विचाराधीन हैं। एक ही स्थान पर विभाग के उच्च अधिकारियों और तकनीकी अमले की मौजूदगी से कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी और उनके सेवा संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निपटारा हो सकेगा।


































