झगराखाण्ड में मॉडिफाइड सायलेंसर जब्त, हुआ 5 हजार का चालान
एमसीबी। यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहनों में बदलाव करने वालों के खिलाफ एमसीबी पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है। थाना झगराखाण्ड पुलिस ने मॉडिफाइड सायलेंसर लगाकर तेज आवाज में वाहन चलाने वाले बुलेट चालक के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए सायलेंसर जब्त किया है साथ ही मोटरयान अधिनियम के तहत 5 हजार रुपये का चालान किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के निर्देश पर जिले में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्यवाही करने के लिये लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 12 जून को थाना झगराखाण्ड पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बुलेट क्रमांक CG16 CG-7001 को रोका गया जिसमें चालक द्वारा कंपनी के निर्धारित सायलेंसर की जगह मॉडिफाइड सायलेंसर लगाया गया था। वाहन से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज से आम लोगों को परेशानी हो रही थी।
पूछताछ में चालक निखिल सोनी पिता एन.एल. सोनी उम्र 23 वर्ष निवासी झगराखाण्ड ने बताया कि उसने मूल सायलेंसर हटाकर मॉडिफाइड सायलेंसर लगवाया था। पुलिस ने मौके से मॉडिफाइड सायलेंसर जब्त कर वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की।
एमसीबी पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्यवाही जारी रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अवैध सायलेंसर और अन्य मॉडिफिकेशन से बचें और यातायात नियमों का पालन करें।
कार्यवाही में थाना प्रभारी झगराखाण्ड निरीक्षक वासुदेव परगनिहा, सहायक उप निरीक्षक मंचन राम, प्रधान आरक्षक महेश साहू, आरक्षक कुमार गौरव और आरक्षक चेतन बड़गैया की सराहनीय भूमिका रही।





































