कोयलांचल में धूमधाम से फहराया तिरंगा, राजनगर में समारोह के दौरान भाजपा नेताओं में आगे बैठने को लेकर विवाद

---Advertisement---

कोयलांचल में धूमधाम से फहराया तिरंगा, राजनगर में समारोह के दौरान भाजपा नेताओं में आगे बैठने को लेकर विवाद

नगर परिषद राजनगर में वरिष्ठ नागरिक रामकुमार तिवारी ने किया ध्वजारोहण, अध्यक्ष यशवंत सिंह की मौजूदगी में हुआ आयोजन; परिषद कर्मचारी के व्यवहार को लेकर माहौल गर्माया

राजनगर। कोयलांचल के राजनगर, रामनगर, डूमर कछार, डोला सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। विभिन्न शासकीय, अर्धशासकीय एवं सामाजिक संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर परिषद राजनगर में आयोजित समारोह में अध्यक्ष यशवंत सिंह की अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिक रामकुमार तिवारी ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। इसके साथ ही स्थानीय विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आगे बैठने को लेकर भाजपा नेताओं में विवाद

राजनगर नगर परिषद के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उस समय माहौल गर्म हो गया, जब आगे बैठने को लेकर भाजपा नेताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। बताया गया कि कार्यक्रम में बैठने की व्यवस्था को लेकर भाजपा के कुछ नेताओं के बीच कहासुनी हो गई।

इसी दौरान परिषद के एक कर्मचारी द्वारा एक वरिष्ठ भाजपा नेता के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने को लेकर मामला और गरमा गया। स्थिति बिगड़ती देख कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई। बाद में नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई और कार्यक्रम आगे जारी रहा।

हालांकि विवाद कुछ देर तक समारोह में चर्चा का विषय बना रहा। अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ वाचन

नगर परिषद राजनगर के समारोह में मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पात्र हितग्राहियों को पात्रता पर्ची एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित पात्रता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम लखन पाल, उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, समस्त पार्षद, एल्डरमैन, सांसद प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, समाजसेवी और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

डूमर कछार और डोला में भी उत्साह

नगर परिषद डूमर कछार में अध्यक्ष सुनील कुमार चौरसिया ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पार्षद, एल्डरमैन एवं नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नगर परिषद डोला में अध्यक्ष रेनू सुरेश कोल ने ध्वजारोहण किया। उपाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, पार्षद, एल्डरमैन सहित नगर के गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

दोनों निकायों में भी विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को पात्रता प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज वितरित किए गए।

शैक्षणिक संस्थानों में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजनगर में प्राचार्य एसके सक्सेना ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

इसके अलावा आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजनगर, विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल, लिटिल एंजेल कॉन्वेंट स्कूल, कांग्रेस कार्यालय राजनगर सहित विभिन्न शासकीय एवं अर्धशासकीय संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

थाना रामनगर में थाना प्रभारी सुमित कुमार कौशिक ने ध्वजारोहण किया। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

श्रमिक संगठनों के कार्यालयों में भी फहराया तिरंगा

कोयलांचल क्षेत्र में विभिन्न श्रमिक संगठनों के कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। श्रमिकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

राजनगर, रामनगर, डूमर कछार और डोला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 16, 2026

August 16, 2026

August 16, 2026

August 16, 2026

August 16, 2026

August 16, 2026

Leave a Comment