कोविड अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट से 80 हजार के कॉपर वायर चोरी का खुलासा
मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

बैकुंठपुर। कोविड अस्पताल कंचनपुर स्थित ऑक्सीजन प्लांट से करीब 80 हजार रुपये कीमत के इलेक्ट्रॉनिक कॉपर वायर चोरी के मामले का बैकुंठपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी किये गये कॉपर वायर में से अब तक 20 किलोग्राम तार बरामद किया है। मामले में चोरी के शेष माल की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पुलिस की विवेचना जारी है
पुलिस के अनुसार सीएमओ कार्यालय में ऑक्सीजन प्लांट हैंडलर के पद पर कार्यरत प्रकाश कुमार विश्वकर्मा ने 9 जनवरी 2026 को थाना बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 8 जनवरी की दरम्यानी रात कोविड अस्पताल कंचनपुर के ऑक्सीजन प्लांट में लगे इलेक्ट्रॉनिक कॉपर वायर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिये गये। चोरी गये तार की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई
मामले में थाना बैकुंठपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 08/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदिग्धों की पतासाजी प्रारंभ की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर चरचा निवासी अर्जुन बसोर, विजय बसोर और संतोष कुमार चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किये गये कॉपर वायर में से 70 किलोग्राम तार चरचा निवासी दीपेश उर्फ निखिल महाराज को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने दीपेश उर्फ निखिल महाराज से पूछताछ की। उसने बताया कि 65 किलोग्राम कॉपर वायर उसने बैकुंठपुर निवासी आर्यन ताम्रकार को बेच दिया था। पुलिस ने दीपेश के कब्जे से 5 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया। आर्यन ताम्रकार से पूछताछ में उसने चोरी के कॉपर वायर में से 50 किलोग्राम तार बिलासपुर में बिक्री करना बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया। इस तरह पुलिस अब तक कुल 20 किलोग्राम चोरी का कॉपर वायर बरामद कर चुकी है।
मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस चोरी के मामले में अर्जुन बसोर उम्र 23 वर्ष, विजय बसोर उम्र 30 वर्ष संतोष कुमार चौधरी 38 वर्ष दीपेश उर्फ निखिल महाराज 27 वर्ष और आर्यन ताम्रकार 23 वर्ष को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक चोरी किये गये शेष कॉपर वायर की बरामदगी और मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच अभी जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
चोरी के इस मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्रा, उप निरीक्षक महेश कुशवाहा, प्रधान आरक्षक बाल साय पोर्ते, आरक्षक समीर, आरक्षक रामायण श्याम और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर ने आमजन से अपील की है कि चोरी और अन्य अपराधों की रोकथाम में पुलिस को आम नागरिकों से मिलने वाली सूचनाएं बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद फरोख्त से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी
बैकुंठपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी करने के साथ साथ चोरी के माल की खरीद फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ भी लगातार कार्यवाही जारी रहेगी।
































































