कोतमा अस्पताल में सुरक्षा संकट गहराया
डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने उठाई सुरक्षा की मांग, बीएमओ ने थाना प्रभारी व जिला स्वास्थ्य अधिकारी को लिखा पत्र
कोतमा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ लगातार हो रही अभद्रता, धमकी, रंगदारी और छेड़छाड़ की घटनाओं ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि अब अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस बल की स्थायी ड्यूटी लगाए जाने की मांग उठाई है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. एल. दीवान द्वारा थाना प्रभारी कोतमा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र लिखकर अस्पताल परिसर में नियमित पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। 12 मई मंगलवार को जारी इस पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि अस्पताल में कई बार शराब के नशे में असामाजिक तत्वों द्वारा डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की जा चुकी है। कई मामलों में रंगदारी मांगने एवं धमकाने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के अभाव में विशेषकर रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान चिकित्सकीय स्टाफ स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। महिला नर्सिंग स्टाफ के लिए स्थिति और अधिक चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में चौबीसों घंटे मरीजों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का सुरक्षित वातावरण में कार्य करना अत्यंत आवश्यक है ताकि स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में कई बार अराजक तत्वों द्वारा अस्पताल में हंगामा, हुज्जतबाजी और डॉक्टरों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा चुका है, जिसकी शिकायत समय-समय पर थाना कोतमा में दर्ज कराई गई। कुछ दिनों पूर्व एक महिला नर्सिंग कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ एवं धमकी देने की घटना ने पूरे स्वास्थ्य महकमे को झकझोर दिया था। आरोपी युवक द्वारा रातभर अस्पताल परिसर में उत्पात मचाने के बाद पुलिस में अपराध पंजीबद्ध कराया गया था।
वहीं हाल ही में एक बार फिर डॉक्टर के साथ अभद्रता एवं कथित वसूली की घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि अस्पताल में स्थायी पुलिस सुरक्षा नहीं दी गई तो भविष्य में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में तत्काल पुलिस बल की तैनाती की जाए, जिससे डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारी निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।



































