कोरबा में एटक को बड़ा झटका, 40 वर्षों से जुड़े वरिष्ठ नेता कमर बक्श सहित 60 सदस्य इंटक में शामिल
रजगामार उपक्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान हुआ सामूहिक प्रवेश, इंटक ने संगठन को बताया नई मजबूती
कोरबा। एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के रजगामार उपक्षेत्र में श्रमिक राजनीति के क्षेत्र में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लंबे समय से एटक से जुड़े वरिष्ठ नेता एवं रजगामार उपक्षेत्र के सचिव कमर बक्श के नेतृत्व में एटक यूनियन के 60 सदस्यों ने संगठन छोड़कर इंटक यूनियन की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस सामूहिक प्रवेश को कोरबा क्षेत्र की ट्रेड यूनियन राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रजगामार उपक्षेत्र में लगभग चार दशक से सक्रिय एटक के वरिष्ठ नेता कमर बक्श ने अपने समर्थकों के साथ एसकेएमएस (एटक) यूनियन को अलविदा कहते हुए एसईकेएमसी (इंटक) यूनियन का दामन थाम लिया। उनके साथ एटक रजगामार के अध्यक्ष विशाल मुण्डा, जेसीसी सदस्य एम. रहमान, कल्याण समिति के सदस्य लक्ष्मी श्रीवास, पिट सेफ्टी कमेटी के सदस्य दुर्गा श्रीवास सहित कुल 60 सदस्य इंटक में शामिल हुए।
बताया गया कि सभी सदस्यों ने इंटक यूनियन की कार्यशैली और श्रमिक हितों के लिए किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया। नए सदस्यों का स्वागत इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह की उपस्थिति में पुष्पमाला पहनाकर किया गया।
यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम 18 जुलाई 2026 को रजगामार स्थित माता कर्मा भवन में आयोजित एसईकेएमसी (इंटक) यूनियन के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान संपन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में एसईकेएमसी (इंटक) के केंद्रीय अध्यक्ष एवं एसईसीएल संचालन समिति के सदस्य गोपाल नारायण सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय कोषाध्यक्ष संदीप चौधरी, कोरबा क्षेत्र के महामंत्री संदीप राय, कुसमुण्डा क्षेत्र के अध्यक्ष बी.एल. महंत (राजवीर) तथा कार्यकारी अध्यक्ष सुरजीत सिंह (हैप्पी) भी मंचासीन रहे।
सम्मेलन के दौरान श्रमिकों के हितों, संगठन की आगामी रणनीति तथा श्रमिक समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इंटक श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में इंटक रजगामार के अध्यक्ष राजेश साहू एवं सचिव अफजल हुसैन ने नवप्रवेशी सदस्यों का पुष्पमालाओं से स्वागत करते हुए संगठन की सदस्यता दिलाई। उन्होंने सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में रजगामार इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष जनक राम राठौर ने उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस सामूहिक सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के बाद एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की ट्रेड यूनियन गतिविधियों में नई राजनीतिक और संगठनात्मक हलचल तेज होने की चर्चा है।
































