अनूपपुर 7 अगस्त 2026-मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत नगर पालिका मुख्यालय बिजुरी में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर का आज शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक हितग्राही को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सहज स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए मरीजों को समुचित उपचार प्रदान किया जाए तथा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने शिविर में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, आमजन के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनूपपुर श्रीमती अर्चना कुमारी सहित स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।















