केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने की सीसीएल परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा

---Advertisement---

केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने की सीसीएल परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा

जारंगडीह परियोजना, कौशल विकास केंद्र और CSR गतिविधियों का लिया जायजा, नन्हे तैराक इशांक सिंह सहित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को किया सम्मानित

रांची/बोकारो। भारत सरकार के केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने गुरुवार को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के जारंगडीह परियोजना क्षेत्र का दौरा कर खनन गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण एवं क्षेत्रीय विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संशोधित Mine Closure Plan, सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन प्रणाली, पुनर्वास योजनाओं तथा स्थानीय जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सीसीएल अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।

दौरे के दौरान माननीय मंत्री ने कथारा क्षेत्र स्थित सीसीएल के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संचालित रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से सीधा संवाद किया। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को मंत्री ने प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

मीडियाकर्मियों से चर्चा करते हुए श्री दुबे ने कहा कि केंद्र सरकार कोयला क्षेत्र में आधुनिक, पारदर्शी और सतत विकास आधारित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने सीसीएल द्वारा CSR के अंतर्गत संचालित कौशल विकास केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र युवाओं, महिलाओं एवं जरूरतमंद वर्गों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

सीसीएल मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री दुबे ने रांची के सात वर्षीय नन्हे तैराक इशांक सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया। इशांक ने श्रीलंका के तलाइमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक लगभग 29 किलोमीटर लंबे समुद्री मार्ग को मात्र 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पूरा कर विश्व रिकॉर्ड जैसी उपलब्धि हासिल की है। वह ऐसा करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए हैं।

इसके अतिरिक्त मंत्री ने सीसीएल एवं झारखंड सरकार की संयुक्त पहल झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी (JSSPS) के तीन अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों विकास उरांव, कुमारी रिष्टी राज एवं चंदा कुमारी को भी सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

बाद में सीसीएल मुख्यालय में मंत्रालय के अधिकारियों एवं कंपनी के शीर्ष प्रबंधन के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीसीएल के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा सहित सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक में कोयला उत्पादन, नई परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा मानकों, CSR गतिविधियों तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके पश्चात मंत्री ने सीएमपीडीआई की समीक्षा बैठक भी ली तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment