कोरिया पुलिस ने कराया अंतर विभागीय खेल आयोजन
कोरिया। खेलों के माध्यम से आपसी सहयोग, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस द्वारा अंतर विभागीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड बैकुण्ठपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों की टीमों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव उपस्थित रहीं। आयोजन में पुलिस विभाग, वन विभाग, नगर सेना सहित अन्य विभागों की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच महिला वर्ग में कोरिया पुलिस की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया जबकि नगर सेना विभाग की महिला टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग में नगर सेना विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और वन विभाग की टीम उपविजेता बनी।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। मैदान पर खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, रणनीति और खेल कौशल का परिचय दिया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






































