कांग्रेसियों में दिखी नई ऊर्जा, संगठन सृजन अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
जमुना-बदरा में कांग्रेस की विशाल बैठक संपन्न, पंचायत से वार्ड स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

जमुना/अनूपपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बदरा-जमुना द्वारा संगठन सृजन अभियान के तहत 6 जून 2026 को जमुना कॉलोनी स्थित बंकिम बिहार में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संदेश दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू मिश्रा ने किया

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस प्रभारी प्रवीण सिंह उपस्थित रहे। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रमेश सिंह, आशीष त्रिपाठी, बिसाहूलाल कुल्हाड़ा, सुश्री मंजू मिश्रा, महेंद्र त्रिपाठी, एहसान अली, रजन राठौर, चंदन सिंह, फारुख बेग सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे।
बैठक में संगठन सृजन अभियान, संगठन विस्तार, आगामी चुनावी रणनीति तथा वार्ड एवं पंचायत स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
जिला कांग्रेस प्रभारी प्रवीण सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान केवल पद बांटने का कार्यक्रम नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं को नेतृत्व देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को नए स्वरूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें वार्ड, पंचायत और मंडलम समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इन्हीं समितियों से जनप्रतिनिधि और नेतृत्व तैयार होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर किसानों, युवाओं, मजदूरों और महिलाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रमेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संघर्ष और जनसेवा की विचारधारा पर आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा आम जनता की आवाज को बुलंद किया है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आग्रह किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से जिले के प्रत्येक गांव, वार्ड और पंचायत तक कांग्रेस को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन में सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है और कार्यकर्ताओं के सम्मान का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत संगठन के बल पर कांग्रेस आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने कहा कि बदरा-जमुना क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण संगठन की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कार्यकर्ता हमेशा पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं और आने वाले समय में कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। अब सभी को मिलकर गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करना होगा तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, वार्ड एवं पंचायत समितियों के गठन तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनता के बीच कांग्रेस की उपस्थिति बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।




































