जरूरतमंदों तक पहुंचा सहयोग का हाथ, 100 से अधिक दिव्यांगों को मिली सहायता

---Advertisement---

 

स्वेच्छानुदान मद से प्रति हितग्राही 5 हजार रुपयों की आर्थिक मदद, एक दर्जन ग्राम पंचायतों के दिव्यांगजनों को मिला संबल

एमसीबी। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं भारत सरकार की पूर्व केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री श्रीमती रेणुका सिंह ने अपने स्वेच्छानुदान मद से 100 से अधिक चिन्हित दिव्यांगजनों को प्रति हितग्राही 5,000 रुपयों की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस पहल के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग परिवारों को राहत पहुंचाने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाने का प्रयास किया गया।

भरतपुर विकासखंड के भगवानपुर, भरतपुर, बेलगांव, बहरासी, बेला, चिडौला, जनकपुर सहित लगभग एक दर्जन ग्राम पंचायतों के दिव्यांग हितग्राहियों तक सहायता राशि पहुंचाई गई। कई स्थानों पर विधायक के प्रतिनिधियों ने हितग्राहियों के घर पहुंचकर सहायता राशि के चेक वितरित किये। इससे दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने राहत महसूस की और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।

विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है बल्कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद लोगों की हर संभव सहायता करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिये हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ‘अंत्योदय’ की विचारधारा के अनुरूप समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना उनका संकल्प है। स्वेच्छानुदान मद से दी जा रही यह आर्थिक सहायता उसी जनसेवा और समर्पण की भावना का हिस्सा है।

सहायता प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने इस पहल की सराहना की। भगवानपुर निवासी लालबहादुर साहू ने कहा कि यह सहायता उनके जैसे दिव्यांगजनों के लिये बड़ी राहत है वहीं बरेल निवासी अनुज प्रताप चेरवा ने विधायक की संवेदनशील सोच की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सहयोग जरूरतमंद दिव्यांग परिवारों के लिये काफी उपयोगी साबित होगा। बेला निवासी धंसु अहिरवार ने भी आर्थिक सहायता के लिये विधायक का आभार जताते हुए कहा कि इससे उनकी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

ग्रामीणों ने भी इस पहल को जनसेवा की मिसाल बताते हुए कहा कि जरूरतमंदों तक सीधे पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराना समाज के प्रति संवेदनशील सोच को दर्शाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment