अनूपपुर 26 मई 2026/ जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित किया गया। अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय ने 73 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर श्री कमलेश पुरी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनी।
जनसुनवाई के दौरान तहसील कोतमा के ग्राम बुढ़ानपुर निवासी श्री राजेश सोनी ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील कोतमा के ग्राम राजाकछार निवासी श्रीमती इन्द्रवती महरा ने सीमांकन कराए जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम पगना निवासी श्रीमती लौंगी बाई चौधरी ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाए जाने, तहसील जैतहरी के ग्राम मनिकपुर निवासी श्री कमलेश राठौर ने नक्शा तरमीम कराए जाने के संबंध में आवेदन दिए। इसके अतिरिक्त अन्य आवेदकों द्वारा जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने, खसरे में सुधार किए जाने, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए गए।


































