शिविर में आए कुल 99 आवेदन, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
पुष्पराजगढ़ के ग्राम परसवार में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर आयोजित
अनूपपुर 3 जून 2026- मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने कहा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्रतिबद्धता है तथा जनता की संतुष्टि ही प्रशासन की सफलता का वास्तविक मापदंड है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी आज जनपद पंचायत पुष्प राजगढ़ के ग्राम पंचायत परसवार में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर को संबोधित कर रही थी।
जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान कुल 99 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों के मैदानी अधिकारियों द्वारा तत्परता से मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों के निराकरण हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने समय-सीमा निर्धारित करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, विद्युत, कृषि, उद्यानिकी, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर उपस्थित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भुवनेश्वरी धुर्वे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विनोद परस्ते, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री गणेश कुमार पांडेय, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



































