जंगल से निकल गांवों तक पहुंचा हाथियों का आतंक, ग्रामीणों में दहशत

---Advertisement---

जंगल से निकल गांवों तक पहुंचा हाथियों का आतंक, ग्रामीणों में दहशत

पांच हाथियों की लगातार गतिविधियों से वन विभाग अलर्ट, लोगों से रात में बाहर न निकलने की अपील

रिपोर्टर – शशि धारा अग्रवाल

अनूपपुर एवं शहडोल जिले के वन क्षेत्रों से लगे ग्रामीण इलाकों में हाथियों की लगातार गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार 16 मई 2026 को पांच हाथियों के विचरण की सूचना दर्ज की गई है, जिनमें एक दंतैल आक्रामक और खतरनाक हाथी भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक यह दंतैल हाथी शुक्रवार को शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत वन परिक्षेत्र केशवाही के रामपुर एवं बेलिया गांव के बीच जंगल में दिनभर ठहरा रहा। शाम और रात के दौरान रामपुर के डोंगरीटोला जंगल क्षेत्र में उसकी चिंघाड़ने की आवाज दो बार सुनाई दी, जिसके बाद से शनिवार सुबह तक उसका कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका। वन विभाग को आशंका है कि हाथी केशवाही या अनूपपुर वन परिक्षेत्र के किसी घने जंगल में छिपा हो सकता है और शाम या रात में भोजन की तलाश में बाहर निकल सकता है।

वहीं दूसरी ओर चार हाथियों का समूह शुक्रवार रात धनगवां बीट के जंगल से निकलकर पड़रिया एवं क्योटार ग्राम पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों तक पहुंच गया। हाथियों ने चोई के गोढ़ाटोला, कुसुमहाई के झंडीटोला तथा पटौरा गांव में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान एक ग्रामीण के घर में तोड़फोड़ की गई तथा तीन किसानों के खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया गया। शनिवार सुबह हाथियों के इस समूह को आमापानी जंगल के आसपास अलग-अलग स्थानों पर विश्राम करते देखा गया।

वन विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने वन क्षेत्र से लगे गांवों, टोला-मोहल्लों के लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। ग्रामीणों को जंगल एवं खेत-खलिहानों के आसपास अकेले न जाने, कच्चे मकानों व झोपड़ियों में सावधानी रखने तथा अंधेरा होने के बाद जंगल मार्गों और पगडंडियों पर आवागमन नहीं करने की सलाह दी गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment