जमुना कॉलरी से 22 अक्टूबर को निकलेगी अमरकंटक की विशाल पदयात्रा
नव युवक दुर्गा पूजन समिति ने शुरू की तैयारियां, 20 अक्टूबर तक कराया जा सकेगा पंजीयन
अनूपपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा के प्रति आस्था और भक्ति का संदेश लेकर नव युवक दुर्गा पूजन समिति, जमुना कॉलरी द्वारा अमरकंटक चलो विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पदयात्रा 22 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। यात्रा को लेकर समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पदयात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं से समिति ने 20 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन कराने की अपील की है। समिति के अनुसार यात्रा का शुभारंभ 22 अक्टूबर को जमुना कॉलरी के मेन दुर्गा पंडाल, को-ऑपरेटिव क्षेत्र से किया जाएगा। यहां से श्रद्धालु पैदल अमरकंटक के लिए रवाना होंगे।
भक्ति और आस्था के साथ तय होगा सफर
समिति के सदस्यों ने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य मां दुर्गा की भक्ति एवं आस्था के साथ श्रद्धालुओं को अमरकंटक की पावन धरा तक ले जाना है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु धार्मिक भावनाओं के साथ पदयात्रा में सहभागी बनेंगे। समिति द्वारा यात्रियों की सुविधा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं करने की तैयारी की जा रही है
20 अक्टूबर तक करा सकते हैं पंजीयन
पदयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से समिति ने समय पर अपना पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से पूरा किया जा सके। समिति ने क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मां दुर्गा की भक्ति और आस्था से जुड़ी इस पावन पदयात्रा में सहभागी बनें और “अमरकंटक चलो” के संकल्प के साथ यात्रा को सफल बनाएं।







































































