जमीन विवाद में भाई की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
राजेंद्रग्राम के बरटोला में टंगिया से वार कर हत्या का आरोप, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर भेजा जेल

राजेंद्रग्राम। थाना राजेंद्रग्राम क्षेत्र के ग्राम बसनिहा बरटोला में जमीन संबंधी विवाद को लेकर भाई की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 को ग्राम बसनिहा बरटोला निवासी विनोद सिंह मरावी ने थाना राजेंद्रग्राम पहुंचकर मौखिक सूचना दी थी कि सुबह करीब 7 बजे उसका बड़ा भाई प्रमोद सिंह मरावी खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। करीब दोपहर 1 बजे गांव के लोगों ने सूचना दी कि प्रमोद सिंह को गांव के ही दल सिंह मरावी ने अपने घर की परछी में टंगिया से मारकर हत्या कर दी है।
सूचना मिलने के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो प्रमोद सिंह मरावी दल सिंह के घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। सिर के पास काफी खून बहा हुआ था। गर्दन पर कटे के निशान तथा दाहिने हाथ की कलाई के ऊपरी हिस्से में भी कटने के निशान पाए गए।
जमीन विवाद को लेकर हत्या का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया कि 12 अगस्त को दल सिंह मरावी और मृतक प्रमोद सिंह मरावी के बीच जमीन संबंधी विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान दल सिंह ने टंगिया से प्रमोद सिंह के गले, गर्दन के पीछे तथा दोनों तरफ जबड़े और दाहिने हाथ की कलाई के पास वार किया। गंभीर चोट लगने से प्रमोद सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दल सिंह मरावी उर्फ बारे लाल, पिता कुंवर सिंह मरावी, उम्र 50 वर्ष, निवासी बरटोला बसनिहा, थाना राजेंद्रग्राम के विरुद्ध अपराध क्रमांक 202/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में 24 घंटे में गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर एवं एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार वरकरे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दल सिंह मरावी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त टंगिया भी जब्त किए जाने की कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में यादवेंद्र सिंह, अवधलाल अहिरवार, दीप चंद वर्मन, राजेंद्र यादव, वीरेंद्र सिंह मार्को, प्रेम सिंह और विनोद कुमार की भूमिका रही।





































