जल संरक्षण की दिशा में एनसीएल की बड़ी पहल
‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत तीन नए तालाबों के निर्माण हेतु जिला प्रशासन से किया एमओयू, 25 लाख रुपए का देगा सहयोग
सिंगरौली। जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सोमवार को एनसीएल ने मध्यप्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत नवीन तालाबों के निर्माण के लिए जिला प्रशासन सिंगरौली के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
एमओयू के तहत एनसीएल अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत चितरंगी विकासखंड के ग्राम सुलखान खुर्द, नैकहवा एवं कोरसर में तीन नए तालाबों के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। इस पहल का उद्देश्य जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता को बढ़ाना है।
एनसीएल प्रबंधन के अनुसार तालाबों के निर्माण से वर्षा जल का संग्रहण होगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार आएगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की बेहतर सुविधा मिलने से जलजनित बीमारियों में भी कमी आएगी। यह परियोजना क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ाने और जल संकट से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन तथा जिला प्रशासन सिंगरौली की ओर से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। दोनों अधिकारियों ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी जल संरचनाओं के विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं जल संरचनाओं के विकास के उद्देश्य से “जल गंगा संवर्धन अभियान” की शुरुआत की थी। एनसीएल इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपनी सीएसआर पहल ‘स्वच्छ जल’ के माध्यम से क्षेत्र में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
एनसीएल द्वारा अब तक स्थानीय क्षेत्रों में 52 तालाब, 18 चेक डैम, 44 आरओ प्लांट तथा 2946 हैंडपंप स्थापित किए जा चुके हैं। कंपनी की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती दे रही है, बल्कि ग्रामीण विकास और सतत जल प्रबंधन की दिशा में भी एक प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।






































