जिनके भरोसे महफूज है शहर, उनकी कलाई पर सजी राखी
अभाविप की छात्राओं ने पुलिसकर्मी, डॉक्टर और सफाई कर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र, सेवा के प्रति जताया सम्मान
बैकुंठपुर। रक्षाबंधन पर जब बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा वहीं बैकुंठपुर में कुछ बहनों ने उन लोगों को राखी बांधी जो हर दिन बिना किसी रिश्ते के समाज की सुरक्षा और सेवा में जुटे रहते हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई बैकुंठपुर की छात्राओं ने पुलिसकर्मियों, डॉक्टरों और सफाई कर्मियों के साथ रक्षाबंधन मनाकर उनके कर्तव्य और समर्पण को नमन किया
परिषद की इस पहल का संदेश साफ था रक्षा केवल परिवार तक सीमित नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वालों का सम्मान भी जरूरी है। छात्राओं ने कर्मवीरों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सेवा कार्यों के लिये आभार व्यक्त किया
पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए दिन रात लोगों की मदद के लिये तत्पर रहते हैं। डॉक्टर बीमारी और विपरीत परिस्थितियों में मरीजों की सेवा करते हैं जबकि सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने के लिये लगातार मेहनत करते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर इन सभी के प्रति सम्मान जताते हुए छात्राओं ने कहा कि समाज को सुरक्षित, स्वस्थ और स्वच्छ रखने में इनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
इस दौरान नगर मंत्री आयुषी साहू, माही, पंकज, जिला संयोजक बलबीर पुषाम सहित परिषद के अन्य कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे
अभाविप की इस पहल ने रक्षाबंधन को सामाजिक जिम्मेदारी और सम्मान से जोड़ दिया। रिश्तों से आगे बढ़कर कर्तव्य निभाने वालों की कलाई पर बंधी राखी ने पर्व को एक अलग मायने दिया

































































