कृषि वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले के किसानों को उन्नतशील बनाने हेतु बेहतर रणनीति के साथ अधिकारी करें कार्य-कलेक्टर
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किया जाए प्रचार प्रसार-कलेक्टर
ई-सेवा पोर्टल एवं एप के माध्यम से शासकीय कार्यों का नागरिक उठाएं लाभ-कलेक्टर
कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
अनूपपुर 16 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्राथमिकता के आधार पर ई-एचआरएमएस पोर्टल पर शिफ्ट हो जाएं। उन्होंने कहा कि यह शासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारी सर्विस बुक एंट्री, पदोन्नति, वेतन, समयमान वेतनमान, अवकाश सहित अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि इस ऑनलाइन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा 31 अप्रैल तक सभी विभागों का पोर्टल पर शिफ्ट होना अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि 1 मई से जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के कार्य ई-एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से ही संपादित किए जाएंगे। कलेक्टर श्री पंचोली आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।
बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने कृषि वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले के किसानों को उन्नत बनाने के लिए कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी रणनीति के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को लेमनग्रास की खेती के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो सकें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार ओरियो आयल कंपनी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम आयोजित किए जांए तथा अधिक से अधिक किसानों को इन कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाए। साथ ही किसानों को उन्नत फसलों की खेती के लिए शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि हेक्टेयरवार बेहतर योजना बनाकर कृषि कार्य कराए जांए, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों की आय में निरंतर बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने शासन की मंशा के अनुरूप नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र में जिला स्तरीय तथा पुष्पराजगढ़ एवं कोतमा विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम का प्रचार-प्रसार प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिल सके। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है, जो कार्यक्रमों के सफल आयोजन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएगा। कलेक्टर श्री पंचोली ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेत तालाब योजना के तहत निर्मित संरचनाओं के चारों ओर पौधरोपण कराया जाए, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में स्थित तालाबों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि तालाबों में जमा कचरा, गाद एवं नदी-नालों की सफाई व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से की जाए, ताकि जल स्त्रोतों का संरक्षण और संवर्धन बेहतर ढंग से हो सके।
बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए मिशन मोड में अभियान चलाया जाए तथा प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कर कार्यों की समीक्षा की जाए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला क्षेत्र में सक्रिय रूप से भ्रमण कर अधिक से अधिक हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए, ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। इसी प्रकार उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन कार्य की भी समीक्षा की तथा निर्देशित किया कि अप्रैल माह के अंत तक लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण कार्य पूर्ण किया जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने मई माह में स्कूल नामांकन अभियान चलाने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए स्कूलवार विद्यार्थियों की सूची तैयार कर जिन अधिकारियों को जिन गांवों का प्रभार दिया गया है, वे क्षेत्र में भ्रमण कर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को पुनः विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें, जिससे जिले में पूर्ण नामांकन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
कलेक्टर ने लोक सेवा प्रबंधन विभाग को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं से संबंधित आवेदन लोक सेवा के माध्यम से प्राप्त किए जांए, ताकि सुशासन के अंतर्गत सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके और नागरिकों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिले के सभी नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ मिलना चाहिए। इस हेतु कलेक्टर श्री पंचोली ने नागरिकों से अपील की कि वे एमपी ई-सेवा पोर्टल एवं मोबाइल एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर शासकीय सेवाओं का आसानी एवं सुगमता से लाभ प्राप्त करें तथा अधिक से अधिक लोगों को भी इस एप का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। इसी प्रकार कलेक्टर ने अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडेय, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, जिला शिक्षा अधिकारी श्री तुलाराम आर्माे सहित जिले के विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।




























