मनेन्द्रगढ़। जिला अधिवक्ता संघ का बहुप्रतीक्षित चुनाव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ जहां अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने पूरे दिन लोकतांत्रिक उत्सव जैसा माहौल बनाये रखा। परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ता परिसर में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई।
अध्यक्ष पद के लिये हुए कड़े मुकाबले में अधिवक्ता मनोज त्रिपाठी ने 70 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी रवि जायसवाल 57 मत को पराजित करते हुए जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही संघ को एक नये नेतृत्व की दिशा मिली है वहीं उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता विनय पाठक ने 84 मतों के साथ शानदार विजय दर्ज करते हुए समयलाल 40 मत को पीछे छोड़ा।
सचिव पद पर अधिवक्ता आशीष सिंह ने 65 मत प्राप्त कर अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कमलेश को 53 मत मिले। परिणामों के बाद समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों का फूल मालाओं और मिठाइयों के साथ जोरदार स्वागत किया।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रहलाद श्रीवास्तव, आलोक अग्रवाल, आशीष राय और राजेश गुप्ता निर्वाचित हुए वहीं कई पदों पर निर्विरोध चयन भी हुआ जिनमें कोषाध्यक्ष कुलदीप जायसवाल, महिला उपाध्यक्ष महजबीन खान, सह सचिव प्रदीप शर्मा, पुस्तकालय प्रभारी साय राजवाड़े तथा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव सविता गुप्ता शामिल हैं। महिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मंजु बेनी और पूनम गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव अधिकारी अशोक सिंह और सहायक चुनाव अधिकारी जयलाल सिंह करयाम ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में इजहार तालिब, अभिषेक शर्मा और मीनाक्षी तिवारी का विशेष योगदान रहा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी और सचिव आशीष सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि वे अधिवक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संघ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिये मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए एकजुटता बनाये रखने की अपील की।















































