कोरिया। जिले में नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना पटना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किये गये हैं।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुर्रे के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में जिला साइबर टीम, थाना प्रभारी पटना और थाना स्टाफ की संयुक्त टीम ने ग्राम डुमरिया क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्यवाही की।
गिरफ्तार आरोपियों में अमृता पटेल पति पुष्पेंद्र पटेल और रामबाई पति विनोद पटेल शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी झारखंड के गढ़वा क्षेत्र से नशीले इंजेक्शन लाकर क्षेत्र में बिक्री के लिये ग्राहक तलाश रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1095 नग नशीले इंजेक्शन जब्त किये हैं। जब्त सामग्री में Rexogesic/Buprenorphine Injection एवं Avil Injection शामिल हैं।
मामले में थाना पटना में अपराध क्रमांक 128/2026 के तहत धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे के अवैध नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है।
कोरिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, बिक्री अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके और अपराधियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जा सके।





































