जेबीसीसीआई-12 के गठन की मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन, सैकड़ों श्रमिकों ने जीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन

---Advertisement---

जेबीसीसीआई-12 के गठन की मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन, सैकड़ों श्रमिकों ने जीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन

जमुना-कोतमा। 12वें वेतन समझौते को लेकर कोयला श्रमिक संगठनों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। बुधवार को मांग दिवस के अवसर पर जमुना-कोतमा क्षेत्र में संयुक्त मोर्चा के बैनर तले महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष सैकड़ों श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जेबीसीसीआई-12 (Joint Bipartite Committee for the Coal Industry) के तत्काल गठन की मांग उठाई। गगनभेदी नारों के बीच आयोजित इस प्रदर्शन में लगभग 200 से अधिक श्रमिक शामिल हुए, जिनमें बड़ी संख्या में महिला श्रमिकों की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही

कार्यक्रम का संचालन रमाशंकर तिवारी ने किया। उन्होंने उपस्थित श्रमिकों का स्वागत करते हुए कहा कि 12वें वेतन समझौते के लिए यदि लंबा संघर्ष करना पड़े तो सभी श्रमिकों को एकजुट होकर नई ऊर्जा के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने श्रमिकों से किसी भी प्रकार के भ्रम या भटकावे से बचते हुए संयुक्त मोर्चा का मजबूती से साथ देने का आह्वान किया।

सभा को संबोधित करते हुए एचएमएस के कौशलाधीश द्विवेदी, इंटक के संजय पटेल, एटक के अयाज अली तथा सीटू के इंद्रपति सिंह ने कहा कि कोयला श्रमिक लंबे समय से 12वें वेतन समझौते की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन अब तक जेबीसीसीआई-12 का गठन नहीं किया गया है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि श्रमिक हितों की अनदेखी की जा रही है तथा कुछ संगठन सरकार के पक्ष में खड़े होकर श्रमिकों के हितों से समझौता कर रहे हैं। उन्होंने श्रमिकों से ऐसे प्रयासों के प्रति सतर्क रहने और संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द ही जेबीसीसीआई-12 का गठन कर वेतन समझौते की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो संयुक्त मोर्चा चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कोल इंडिया प्रबंधन एवं केंद्र सरकार की होगी।

प्रदर्शन के दौरान मोहन पांव, अनिल शर्मा, रमेश कुशवाहा, ऋषिनारायण तिवारी, शरद त्रिवेदी, रवि त्रिवेदी, शारदा सिंह, उत्तम तिवारी, अमन कुमार, शंभु शरण राय, के.के. पांडेय, प्रमोद खंडईया, बिक्रम प्रसाद, सुनील तिवारी, वाल्मीकि मिश्रा सहित संयुक्त मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों श्रमिक उपस्थित रहे।

सभा के समापन पर श्रमिकों ने “इंकलाब जिंदाबाद” और “मजदूर एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ जमुना-कोतमा क्षेत्र के पर्सनल विभाग के माध्यम से कोल इंडिया के अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जेबीसीसीआई-12 का तत्काल गठन कर 12वें वेतन समझौते की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई। संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment