जैतहरी पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले में फरार आरोपी को किया गिरफ्तार
11 केवी लाइन के 3.36 किलोमीटर तार चोरी से बिजली कंपनी को हुआ था 60 हजार रुपये का नुकसान
अनूपपुर। जैतहरी पुलिस ने शासकीय विद्युत तार चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी बहादुर बसोर (33) को गिरफ्तार किया है। आरोपी फुनगा का निवासी है। पुलिस ने उसे 15 अक्टूबर 2026 को फुनगा से गिरफ्तार कर न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जैतहरी के आउटसोर्स कर्मचारी दुर्गेश राठौर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम टकहुली एवं महुदा छकड़िया टोला की 11 केवी विद्युत लाइन के तार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा काटकर चोरी कर लिए गए हैं। घटना में कुल 3.36 किलोमीटर विद्युत तार चोरी होने से कंपनी को करीब 60 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई थी।
मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं मध्यप्रदेश विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने रामजी राठौर, शुभम उर्फ शिवम राठौर, मनोज उर्फ नानदाउ राठौर, वीरेन्द्र सिंह राठौर, अरविन्द गुप्ता और राहुल अग्रहरि को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से चोरी के विद्युत तार बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई थी।
प्रकरण में बहादुर बसोर पिता शोहित बसोर, निवासी मौहार टोला, वार्ड क्रमांक 11, फुनगा लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में पूर्व में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है और प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।
थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।






































































