जैतहरी पुलिस की तत्परता से 24 घंटे में बरामद हुई लापता नाबालिग बालिका
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई कर बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया, परिजनों को मिली राहत
अनूपपुर। थाना जैतहरी पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को लापता होने के महज 24 घंटे के भीतर दस्तयाब कर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुकुरगोड़ा निवासी एक व्यक्ति ने थाना जैतहरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 25 मई को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों को आशंका थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास और तकनीकी एवं मैदानी जांच के आधार पर पुलिस ने 27 मई को बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। दस्तयाब बालिका को आवश्यक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अमर वर्मा के नेतृत्व में की गई। अभियान में कमला टांडिया और मंजू भट्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।






































