अनूपपुर। जैतहरी थाना क्षेत्र के हत्या प्रकरण में पुलिस रिमांड पर निरुद्ध आरोपी शैलेष महरा पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज करते हुए आमजन से सूचना देने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार थाना जैतहरी के अपराध क्रमांक 153/2026 धारा 103(1) बीएनएस में आरोपी शैलेष महरा पिता प्रेमलाल महरा, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम सिंघौरा थाना जैतहरी को पुलिस रिमांड पर लिया गया था। 23 अप्रैल 2026 को आरोपी चौकी परिसर वेंकटनगर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने पर उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 158/2026 धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
फरार आरोपी का रंग गेहूंआ, चेहरा चौड़ा वी आकार, कद लगभग 5 फीट 6 इंच, शरीर पतला-दुबला है। फरारी के समय उसने काले रंग की फुल जींस पैंट और ग्रे रंग की बनियान पहन रखी थी।
आरोपी के संबंध में सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जैतहरी के मोबाइल 9827017143, उप निरीक्षक प्रवीण कुमार साहू (पुलिस सहायता केंद्र वेंकटनगर) 9826645244 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम अनूपपुर 7049101013 पर सूचना देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।















































