अनूपपुर 08 अगस्त 2026/ भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा देशभर में “हर घर तिरंगा-2026” अभियान का आयोजन 9 से 17 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के तहत जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 अगस्त को अनूपपुर नगरपालिका, 10 अगस्त को कोतमा नगरपालिका, 11 अगस्त को जैतहरी एवं बिजुरी नगरपालिका, 12 अगस्त को अनूपपुर, कोतमा एवं अमरकंटक नगरपालिका तथा 13 अगस्त को जैतहरी नगरपालिका एवं किरगी ग्राम पंचायत क्षेत्र में तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। रैलियों में पैदल, साइकिल एवं ई-बाइक के माध्यम से नागरिकों की सहभागिता रहेगी। रैली का शुभारंभ सामूहिक रूप से “वन्दे मातरम्” के गायन से किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली, देशभक्ति गीत, निबंध, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासकीय कार्यालयों, सार्वजनिक भवनों एवं प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई कर तिरंगा थीम आधारित सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। प्रमुख स्थलों पर “सेल्फी विद तिरंगा” प्वाइंट भी विकसित किए जाएंगे। तिरंगा यात्राओं में शासकीय-अशासकीय शिक्षण संस्थानों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, खेल एवं युवा संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। तिरंगा यात्राओं के दौरान यातायात, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की आवश्यक व्यवस्थाएं पुलिस विभाग के समन्वय से सुनिश्चित की जाएंगी।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा अभियान से संबंधित अपने फोटो “हर घर तिरंगा पोर्टल” पर अपलोड कर अभियान को जन-जन का अभियान बनाने में सहभागिता निभाएं।







































































