‘‘कृषि कल्याण वर्ष-2026’’
किसानों को दी गई विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं व ई-विकास पोर्टल की जानकारी
अनूपपुर 27 मई 2026/ कृषि को उन्नत और लाभप्रद बनाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ‘‘कृषि कल्याण वर्ष-2026’’ के अंतर्गत जिले की ग्राम पंचायत पयारी नं. 02 और ग्राम पंचायत सोहीबेलहा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में कृषि रथ यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय कृषकों और ग्रामीणों को कृषि क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों और विभागीय योजनाओं से अवगत कराया गया।
यात्रा के दौरान उपस्थित कृषि विशेषज्ञों और मैदानी अमले द्वारा ग्रामीणों को डिजिटल सुशासन के अंतर्गत ‘‘ई-विकास पोर्टल’’ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि इस पोर्टल के माध्यम से वे कृषि विभाग की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं, अनुदान (सब्सिडी) और पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की पारदर्शी ट्रैकिंग घर बैठे कर सकते हैं। पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन आवेदन की सरल प्रक्रिया को समझाते हुए ग्रामीणों को डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में किसानों को मिट्टी परीक्षण की उपयोगिता, जैविक खेती को बढ़ावा देने, उन्नत बीजों के चयन तथा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति अपनाने की तकनीकी बारीकियों से भी अवगत कराया गया।
































