घर की बाड़ी में उगा रखा था गांजे के पौधे, जनकपुर पुलिस ने किया जब्त
14 पौधों से 18.690 किलो गांजा बरामद, आरोपी हिरलाल बैगा गिरफ्तार
जनकपुर। मादक पदार्थों की अवैध खेती और कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत जनकपुर पुलिस ने ग्राम गांजर में कार्यवाही करते हुए घर की बाड़ी में की जा रही गांजे की खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के 14 पौधे बरामद किये जिनका कुल वजन 18.690 किलोग्राम बताया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी हिरलाल बैगा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है
जनकपुर पुलिस के अनुसार यह कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा और पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। 7 अक्टूबर को जनकपुर पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गांजर निवासी हिरलाल बैगा अपने घर की बाड़ी में गांजे के पौधे लगाकर रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद गवाहों और पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के घर की बाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाड़ी में छोटे बड़े कुल 14 नग गांजे के पौधे मिले
पुलिस ने बरामद पौधों की पहचान और वजन की कार्यवाही पंचनामा के माध्यम से पूरी की। बरामद गांजे के पौधों का कुल वजन 18.690 किलोग्राम पाया गया जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। कार्यवाही के बाद आरोपी हिरलाल बैगा को 7 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
बरामदगी का विवरण
गांजे के पौधे – 14 नग
कुल वजन – 18.690 किलोग्राम
अनुमानित कीमत – करीब 25,000 रुपये
आरोपी – हिरलाल बैगा निवासी ग्राम गांजर
कार्यवाही – धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट
जनकपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खेती, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




































































