एसईसीएल का राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन, पाँच खदानों को मिली प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग

---Advertisement---

 

एसईसीएल का राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन, पाँच खदानों को मिली प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग

कोयला मंत्रालय ने उत्कृष्ट, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल खनन के लिए किया सम्मानित, कंपनी के इतिहास की बड़ी उपलब्धि

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने उत्कृष्ट एवं उत्तरदायी खनन के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय की प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग में अपनी पाँच खदानों को स्थान दिलाया है। यह उपलब्धि एसईसीएल के इतिहास में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पहली बार एक ही मूल्यांकन वर्ष में कंपनी की पाँच खदानों को एक साथ सर्वोच्च 5-स्टार दर्जा प्राप्त हुआ है।

कोयला मंत्रालय द्वारा जारी स्टार रेटिंग में बंगवार भूमिगत खदान और खैराहा भूमिगत खदान (सोहागपुर क्षेत्र), बेहराबांध भूमिगत खदान (जोहिला क्षेत्र), विजय वेस्ट भूमिगत खदान (हसदेव क्षेत्र) तथा जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना (भटगांव क्षेत्र) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें जगन्नाथपुर परियोजना इस वर्ष 5-स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाली एसईसीएल की एकमात्र ओपनकास्ट परियोजना रही।

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली देश की कोयला एवं लिग्नाइट खदानों का व्यापक मूल्यांकन करती है। इसमें सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, आधुनिक तकनीकों का उपयोग, श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण, वैधानिक प्रावधानों का पालन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा परिचालन दक्षता जैसे अनेक महत्वपूर्ण मानकों पर खदानों का परीक्षण किया जाता है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है।

एसईसीएल की चारों भूमिगत खदानों ने सुरक्षित संचालन, वैज्ञानिक खनन, उत्पादन क्षमता, श्रमिक कल्याण तथा पर्यावरणीय प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वहीं जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना ने ओवरबर्डन प्रबंधन, हरित विकास, जल संरक्षण और सुरक्षित उत्पादन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए यह सम्मान अर्जित किया।

इस उपलब्धि पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि पाँच खदानों को एक साथ 5-स्टार रेटिंग मिलना पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यावसायिक सहयोगियों और सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सतत और पर्यावरण-अनुकूल खनन कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा आधुनिक तकनीकों और श्रेष्ठ खनन पद्धतियों के माध्यम से एसईसीएल भविष्य में भी परिचालन उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा।

यह उपलब्धि केवल एसईसीएल की परिचालन क्षमता और सुरक्षा संस्कृति का प्रमाण नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जिम्मेदार खनन के प्रति कंपनी की मजबूत प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। कोल इंडिया लिमिटेड की अग्रणी अनुषंगी कंपनी के रूप में एसईसीएल आधुनिक तकनीक, नवाचार और श्रेष्ठ खनन प्रथाओं के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने तथा सतत विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment