एनसीएल के मेगा समर कैंप ‘आरोहण-2026’ का भव्य समापन
13 विधाओं में निखरी 4700 से अधिक बच्चों की प्रतिभा, खेल और संस्कृति के मंच पर दिखा हुनर का दम

सिंगरौली। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित “मेगा समर कैंप-आरोहण 2026” का बुधवार को भव्य समापन हुआ। एनसीएल की सभी परियोजनाओं में आयोजित समापन समारोह में बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और उपलब्धियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्रीय महाप्रबंधकों, श्रमिक संघ प्रतिनिधियों, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी उपस्थिति रही।
एनसीएल मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण) राजेश त्रिवेदी ने प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर एक अनूठी प्रतिभा छिपी होती है, जिसे सही मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि एनसीएल ने ‘आरोहण’ के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का सार्थक प्रयास किया है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के हुनर को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान
समापन समारोह के दौरान ‘आरोहण’ के विभिन्न संस्करणों से निकलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने खेल, संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का मनमोहक प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
4718 बच्चों ने लिया प्रशिक्षण
21 मई से प्रारंभ हुए इस ग्रीष्मकालीन शिविर में 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 4718 बच्चों ने हिस्सा लिया। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों को कुल 13 विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 1323 बच्चों ने एथलेटिक्स में भाग लिया। इसके अलावा फुटबॉल में 632, डांस एवं म्यूजिक में 623, क्रिकेट में 515, बैडमिंटन में 497, कबड्डी में 235, स्विमिंग में 234, आर्ट्स एंड क्राफ्ट में 219, वॉलीबॉल में 173, जूडो-कराटे में 122, स्केटिंग में 114, टेबल टेनिस में 20 तथा बास्केटबॉल में 11 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
स्वच्छता का भी दिया संदेश
समापन समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने स्वच्छता शपथ ली। सभी ने अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संकल्प लिया।
बच्चों को डिजिटल दुनिया से निकालकर खेलों से जोड़ने की पहल
गौरतलब है कि एनसीएल वर्ष 2018 से लगातार ‘आरोहण’ समर कैंप का आयोजन कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में खेलों, कला और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें मोबाइल और ऑनलाइन गेम्स की आभासी दुनिया से बाहर निकालकर शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुणों से जोड़ना है।
शिविर के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पौष्टिक आहार और जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई। एनसीएल का यह प्रयास सिंगरौली एवं आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है।






































