एमसीबी साइबर सेल की सटीक तकनीकी सूचना से जशपुर में 552 किलो गांजा जब्त

---Advertisement---

 

दो जिलों की समन्वित कार्यवाही से अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह पर बड़ी चोट

 

एमसीबी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में एमसीबी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल मनेन्द्रगढ़ द्वारा जुटाये गये तकनीकी इनपुट के आधार पर जशपुर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 552 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्यवाही से अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (आईपीएस) के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के पर्यवेक्षण में साइबर सेल लगातार अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क की निगरानी कर रही है।

दरअसल 5 जून 2026 को एमसीबी जिले में दो मारुति डिजायर कारों से 556 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान साइबर सेल ने मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जिससे तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट प्राप्त हुए।

इन सूचनाओं को एमसीबी पुलिस ने तत्काल जशपुर पुलिस के साथ साझा किया। तकनीकी इनपुट के आधार पर 14 जुलाई को जशपुर जिले के बगीचा और नारायणपुर क्षेत्र में दबिश देकर करीब 552 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। कार्यवाही में अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह की गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह उड़ीसा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों तक इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, वाहनों और आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही है। इसके लिये संबंधित राज्यों की पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही करने के लिये अभियान लगातार जारी रहेगा वहीं आईजी दीपक कुमार झा ने तकनीक आधारित कार्यवाही और अंतरजिला समन्वय को और मजबूत करने के निर्देश दिये हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment