एमसीबी में 5 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगायेगी स्वास्थ्य शिविर

---Advertisement---

एमसीबी में 5 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगायेगी स्वास्थ्य शिविर

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल खड़गवां से करेंगे मेगा स्वास्थ्य शिविर की आगाज

5 सितंबर से 16 सितंबर तक चलेगा ‘सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान-2026’, हर गांव-हर घर-हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य

जांच, दवा, स्क्रीनिंग और विशेषज्ञ परामर्श की मिलेगी नि:शुल्क सुविधा

एमसीबी। जिले में आम नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभियान 5 सितंबर से 16 सितंबर 2026 तक चलेगा। अभियान की परिकल्पना ‘हर गांव–हर घर–हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं’ पहुंचाने की है

अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जाएंगे। इन शिविरों में आम नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां, सामान्य बीमारियों की प्रारंभिक जांच, स्क्रीनिंग और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जायेगा।

इन सेवाओं पर रहेगा विशेष जोर

शिविरों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात सेवाएं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जायेगी वहीं बीपी, शुगर, कैंसर सहित गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के संबंध में परामर्श भी दिया जायेगा।
इसके अलावा रक्त, मलेरिया, सिकलसेल, एचआईवी/वायरल मार्कर सहित आवश्यक जांच की जायेगी। बुजुर्गों के लिये विशेष स्वास्थ्य सेवाएं, फिजियोथेरेपी और पुनर्वास संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। जरूरत के अनुसार मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिलाने और आगे के उपचार के लिये उचित स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। शिविरों में पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने का कार्य भी किया जायेगा ताकि लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

5 सितंबर को खड़गवां में पहला विशेष स्वास्थ्य शिविर

जारी आदेश के अनुसार अभियान के तहत पहला विशेष स्वास्थ्य शिविर 5 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में आयोजित किया जायेगा। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम सुबह 10 बजे उपस्थित रहेगी।
आदेश में खड़गवां विकासखंड के संबंधित चिकित्सा अधिकारी को शिविर का प्रभारी बनाया गया है और शिविर के लिये आवश्यक जांच, उपकरण, दवाइयों और अन्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।

शिविर में ड्यूटी पर लगाये गये विशेषज्ञ डॉक्टर

स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार अभियान के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को स्वास्थ्य शिविरों के लिये ड्यूटी में लगाया गया है।
ड्यूटी सूची में शामिल चिकित्सक/विशेषज्ञ इस प्रकार हैं। डॉ. उषा प्रेमा लकड़ा — शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ, डॉ. राजेन्द्र बंसोरिया — अस्थि रोग विशेषज्ञ, डॉ. अभिषेक तिवारी — शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ. अभिषेक मयंक — नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ, डॉ. सीमा देशमुख — स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. अनुराग तिवारी — मेडिसिन विशेषज्ञ, डॉ. अमित मिर्चे — नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ. राहुल मेहता — चर्म रोग विशेषज्ञ, डॉ. लाकेश्वर सिंह — चिकित्सा अधिकारी, डॉ. चंद्रभान — चिकित्सा अधिकारी, डॉ. प्रियंका — चिकित्सा अधिकारी, डॉ. शाहिद — चिकित्सा अधिकारी, डॉ. अनिमेष विश्वास — दंत चिकित्सक, सहाना परवीन — फिजियोथेरेपिस्ट, रामकरण साहू — नेत्र सहायक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इस विशेषज्ञ टीम की मौजूदगी से अभियान के दौरान लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में जांच और चिकित्सकीय सलाह दी जायेगी।

इलाज के साथ बीमारी की पहचान भी जरूरी

अभियान का उद्देश्य केवल मरीजों का उपचार करना ही नहीं बल्कि बीमारियों की समय रहते पहचान, जांच और उचित स्वास्थ्य संस्था से जोड़ना भी है। विशेष रूप से बीपी, मधुमेह, कैंसर, सिकलसेल, मलेरिया और अन्य गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग के माध्यम से संभावित मरीजों को चिन्हित किया जाना है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का संदेश

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सुविधाएं केवल बड़े अस्पतालों तक सीमित ना रहें बल्कि गांव और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। ‘सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं शिविरों के माध्यम से लोगों के करीब पहुंचेंगी और समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों की पहचान में मदद मिलेगी।

सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे की अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, एमसीबी डॉ. अविनाश खरे ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान-2026’ का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों के और करीब पहुंचाना है। 5 सितंबर से 16 सितंबर तक आयोजित होने वाले इन विशेष स्वास्थ्य शिविरों में नि:शुल्क जांच, दवा वितरण, विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
उन्होंने कहा कि लोग अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराएं और किसी भी बीमारी के लक्षण होने पर उसे नजरअंदाज ना करें। विशेष रूप से गर्भवती महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग तथा बीपी, शुगर, कैंसर, सिकल सेल जैसी बीमारियों से संबंधित लोग शिविरों का लाभ लें। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने और अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचने की अपील की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment