स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने किया शुभारंभ, जिले की आपात सेवाओं को मिली नई रफ्तार
एमसीबी। जिले की कानून व्यवस्था और आपातकालीन सहायता प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने डायल 112 सेवा के अंतर्गत शामिल नई अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के शुरू होने से अब जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में भी आपातकालीन सहायता तेजी से उपलब्ध हो सकेगी। इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
*जिले के सात थानों को मिला नया रिस्पॉन्स वाहन*
जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कुल 8 डायल 112 वाहन उपलब्ध कराये गये हैं। इनमें से 7 वाहनों को अलग-अलग थानों में तैनात किया गया है ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा एक वाहन को रिजर्व श्रेणी में रखा गया है ताकि किसी तकनीकी समस्या या अतिरिक्त आवश्यकता की स्थिति में सेवा प्रभावित ना हो।
*अब एक कॉल पर मिलेगी त्वरित सहायता*
नई व्यवस्था लागू होने के बाद दुर्घटना, अपराध, स्वास्थ्य संकट अथवा अन्य आपात स्थितियों में लोगों को पहले की तुलना में अधिक तेज सहायता मिल सकेगी। डायल 112 सेवा के माध्यम से पुलिस, चिकित्सा सहायता और अन्य आपात सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।
प्रशासन का मानना है कि इससे ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में भी राहत और सुरक्षा सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी और आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय कमी आयेगी।
*स्वास्थ्यमंत्री ने कहा जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता*
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों तक त्वरित सहायता पहुंचाने के लिये लगातार प्रयासरत है। उन्होंने इस पहल को जनसुरक्षा और आपात सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने केंद्र और राज्य नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह सेवा आम लोगों के लिये काफी लाभकारी साबित होगी।



































