दिनदहाड़े पिस्टल अड़ाकर वसूली की कोशिश, कुछ घंटों में पुलिस ने दबोचे बदमाश
नकली पिस्टल, लोहे का डंडा और रॉयल एनफील्ड बाइक जब्त, अधिवक्ता से मारपीट और धमकी का मामला

अनूपपुर। शहर के व्यस्त केड़िया पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े पिस्टल अड़ाकर अवैध वसूली और मारपीट करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने वारदात के महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त नकली पिस्टल, लोहे का डंडा तथा रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त था, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जिला अधिवक्ता संघ सहित शहरवासियों ने सराहना की है
प्रभारी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार जिला न्यायालय अनूपपुर के अधिवक्ता निवासी ग्राम परसवार ने थाना कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि गुरुवार दोपहर करीब 3:15 बजे वह अपनी मोपेड में पेट्रोल भरवाने के लिए जैतहरी रोड स्थित केड़िया पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इसी दौरान रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक MP18MH4032 से पहुंचे दो युवकों ने अपनी बाइक में 500 रुपये का पेट्रोल डलवाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
अधिवक्ता द्वारा विरोध करने पर एक युवक ने कमर में खोंसी हुई पिस्टल निकालकर उन्हें धमकाया, जबकि दूसरे युवक ने बाइक के लेगगार्ड में लगा लोहे का डंडा निकालकर मारपीट की धमकी दी। इसके बाद जब अधिवक्ता वहां से निकलकर घर की ओर जा रहे थे, तब दोनों आरोपियों ने रास्ते में फिर रोककर पैसों की मांग की और गंदी गालियां देते हुए लोहे के डंडे से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 271/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
टीआई के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, आरक्षक प्रकाश तिवारी एवं आरक्षक अब्दुल कलीम शामिल रहे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को शहडोल शहर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शांतनू मौर्य (20 वर्ष) निवासी इंदिरा तिराहा बस्ती रोड अनूपपुर तथा दीपक पकवासा (21 वर्ष) निवासी पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास अनूपपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी शांतनू मौर्य ने खुलासा किया कि वारदात में प्रयुक्त नकली पिस्टल और बाइक में लगा लोहे का डंडा ऑनलाइन शॉपिंग एप से खरीदा गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रॉयल एनफील्ड बाइक, नकली पिस्टल और लोहे का डंडा जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी छेड़खानी और चोरी जैसे आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
घटना के बाद जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सहित अधिवक्ताओं ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं प्रभारी पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।




































