देवहरा पुलिस की कार्रवाई: लावारिस बाइक से 896 ग्राम गांजा बरामद, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

---Advertisement---

अनूपपुर। जिले की देवहरा पुलिस चौकी ने मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 896 ग्राम अवैध गांजा एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 जून को देवहरा पुलिस टीम क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान ग्राम खम्हरिया के तालाब के समीप एक बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संदिग्ध अवस्था में लावारिस पड़ी मिली। वाहन की जांच एवं आसपास तलाश करने पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने विधिवत पंचनामा कार्रवाई के बाद मोटरसाइकिल की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से खाकी रंग के पैकेट में रखा मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजे का वजन 896 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर सुरक्षित रखा तथा अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।

पुलिस द्वारा वाहन के चेसिस एवं इंजन नंबर के आधार पर उसके स्वामी की पहचान और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है तथा जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी चचाई के नेतृत्व में देवहरा पुलिस चौकी की टीम द्वारा की गई

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment