संभाग भर के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
पहली बार आयोजित संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में 94 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
सात राउंड के रोमांचक मुकाबलों के बाद मोहम्मद हसनैन अली बने विजेता
चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी में पहली बार आयोजित संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता-2026 ने क्षेत्र के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। हल्दीबाड़ी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में चिरमिरी शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे 94 खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक सोच, धैर्य और उत्कृष्ट खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दिनभर चली प्रतियोगिता में महिला, पुरुष एवं विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित रखा।
अंतरराष्ट्रीय शतरंज नियमों के अनुरूप आयोजित प्रतियोगिता में विशेषज्ञ आर्बिटरों की निगरानी और छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के मार्गदर्शन में कुल सात राउंड खेले गये। कड़े मुकाबलों के बाद मोहम्मद हसनैन अली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। श्रेयांश मिश्रा द्वितीय, श्रीमती श्रेया शिल्पी तृतीय, राजेश कुमार मिश्रा चतुर्थ तथा अरुण सिंह पांचवें स्थान पर रहे। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रो. भागवत प्रसाद दुबे मुख्य अतिथि तथा क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. बिराजी अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में थाना प्रभारी विजय सिंह, डॉ. सुमित, डी.के. उपाध्याय, चंदन दत्ता, अब्दुल सलीम, श्रीमती गायत्री बिरहा एवं शिवांश जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में चिरमिरी महापौर रामनरेश राय मुख्य अतिथि रहे तथा चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सह सचिव सरोज कुमार वैष्णव, डी.के. उपाध्याय, सुभाष कश्यप, सुजीत जायसवाल, वैभव तिवारी, पी.के. मंडल, राजकुमार केशरवानी, हाफिज मेमन, केवल सिंह, जगदीश सेठी, गणेश ठाकुर, मनीष खटिक सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि चिरमिरी में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इस स्तर की प्रतियोगिता का सफल आयोजन क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों, अभिभावकों, विभिन्न संस्थाओं और प्रायोजकों के सहयोग से यह आयोजन सफल हो सका।
मुख्य अतिथि रामनरेश राय, डी.के. उपाध्याय एवं सरोज कुमार वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज जैसे बौद्धिक खेल युवाओं में एकाग्रता, निर्णय क्षमता और अनुशासन का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सफल आयोजन से चिरमिरी में भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा तथा क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।



































