चिरमिरी होगा राममय, 5100 मातृ शक्तियों की भव्य कलश यात्रा से शुरू होगा श्री राम कथा महोत्सव

---Advertisement---

पद्मविभूषित जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज सुनाएंगे कथा, हनुमान ड्रोन से होगी पुष्प वर्षा, 1000 वालेंटियर और 100 नर्सिंग स्टाफ संभालेंगे व्यवस्था

एमसीबी/चिरमिरी। धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विराट संगम बनने जा रहा चिरमिरी नगर अब पूरी तरह राममय हो चुका है। गोदरीपारा स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में 17 मई से प्रारंभ होने वाले श्री राम कथा महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। श्री राम कथा आयोजन समिति चिरमिरी द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में स्वामी रामभद्राचार्य कथा व्यास के रूप में श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे वहीं कथा मंच से उद्बोधन आचार्य रामचंद्र दास द्वारा किया जायेगा।

17 मई से 26 मई 2026 तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे यज्ञशाला पूजन तथा शाम 4 बजे से हरि इच्छा तक कथा का आयोजन होगा। आयोजन समिति के अनुसार कथा का शुभारंभ 17 मई को विशाल एवं भव्य कलश यात्रा के साथ होगा जिसमें 5100 से अधिक मातृ शक्तियां पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर शामिल होंगी।

 

*हनुमान ड्रोन से पुष्प वर्षा, 30 बैंड और विशेष रथ बनेंगे आकर्षण*

 

आयोजन समिति ने कलश यात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। यात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता और बजरंगबली की भव्य झांकियां शामिल होंगी, जो अन्य राज्यों से चिरमिरी पहुंच चुकी हैं। इसके साथ ही इंदौर से विशेष “हनुमान ड्रोन” मंगाया गया है, जो यात्रा के दौरान मातृ शक्तियों पर आसमान से पुष्प वर्षा करेगा। कलश यात्रा में 30 बैंड दल, दो डीजे और दो विशेष रथ शामिल रहेंगे। रामधुन और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा। समिति ने बताया कि 501 युवा राम और हनुमान ध्वज लेकर यात्रा में शामिल होंगे, जो पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का संचार करेंगे।

 

*श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये विशेष व्यवस्था*

 

भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिये व्यापक इंतजाम किये हैं। सीता कुंड से कथा स्थल लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम तक पूरे मार्ग में मैट बिछाए जाएंगे तथा उन्हें लगातार पानी से गीला रखा जायेगा ताकि मातृ शक्तियों को गर्मी से राहत मिल सके।

यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह शीतल पेयजल और सेवा शिविर लगाए जाएंगे। दूरदराज से आने वाली महिलाओं के लिए बस एवं अन्य यातायात साधनों की व्यवस्था भी की गई है। समिति द्वारा मातृ शक्तियों तक पीले वस्त्र और श्रीफल पहुंचाने का प्रयास भी किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक तैयारी

आयोजन समिति ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष तैयारी की है। कलश यात्रा के साथ 100 नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहेगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कथा स्थल के समीप 10 बेड का अस्थायी अस्पताल तैयार किया गया है, जहां 4 डॉक्टरों की टीम द्वारा ईसीजी, ब्लड प्रेशर और शुगर जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश के बड़े अस्पतालों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी ली जाएंगी।

20 से अधिक स्वागत द्वार, 1000 वालेंटियर तैनात

श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए शहर में 20 से अधिक भव्य स्वागत द्वार बनाये गये हैं। व्यापारियों और आयोजन समिति के सहयोग से पूरे क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे नगर पूरी तरह राममय दिखाई दे रहा है। कथा स्थल और यात्रा मार्ग की व्यवस्था संभालने के लिये आई-कार्ड धारक 1000 वालेंटियर तैनात किए गए हैं। निशक्तजनों की सुविधा के लिए विशेष वालेंटियर नियुक्त किए गए हैं, जो पार्किंग स्थल से कथा स्थल तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 9 पार्किंग स्थलों का चयन किया गया है।

वीवीआईपी और ग्रीन रूम व्यवस्था

मुख्य कथा स्थल के पीछे तीन विशेष ग्रीन रूम तैयार किये गये हैं। इनमें दो ग्रीन रूम गुरुदेव एवं उनके उत्तराधिकारियों के लिये आरक्षित रहेंगे जबकि तीसरा ग्रीन रूम वीवीआईपी, संगठन पदाधिकारियों और विशेष अतिथियों के लिये सुरक्षित रखा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत संदेशों से सजा शहर

पूरे आयोजन क्षेत्र में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के स्वागत संदेशों वाले कटआउट लगाये गये हैं। व्यापारियों और समाजसेवियों द्वारा भी आकर्षक सजावट की गई है। आयोजन समिति का कहना है कि कथा प्रारंभ होने से पहले ही पूरा क्षेत्र “राम राज्य” की अनुभूति कराने लगा है

भोग-भंडारे में सहयोग की अपील*l

श्री राम कथा आयोजन समिति ने क्षेत्र के भामाशाहों एवं श्रद्धालुओं से भोग-भंडारे और धार्मिक आयोजन में सहयोग की अपील की है। समिति का कहना है कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।

श्री राम कथा महोत्सव का दिनवार कार्यक्रम

 

17 मई, रविवार — भव्य कलश यात्रा एवं कथा महत्व

18 मई, सोमवार — रामवन गमन, भरत चरित्र

19 मई, मंगलवार — भारद्वाज संवाद, शिव-पार्वती विवाह

20 मई, बुधवार — श्रीराम जन्मोत्सव

21 मई, गुरुवार — धनुष यज्ञ, सीताराम विवाह

22 मई, शुक्रवार — जटायु प्रसंग, हनुमान चरित्र

23 मई, शनिवार — सुंदरकांड कथा

24 मई, रविवार — अंगद-रावण संवाद, रावण वध

25 मई, सोमवार — राम राज्य अभिषेक, पूर्णाहुति

26 मई, मंगलवार — विशाल भंडारा

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

Leave a Comment