छोटा परिवार, स्वस्थ भविष्य का संदेश लेकर निकला जागरूकता रथ

---Advertisement---

 

एमसीबी में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े की शुरुआत

11 से 18 जुलाई तक जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान, परिवार नियोजन की सभी सेवाएं रहेंगी निःशुल्क

 

एमसीबी। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देशानुसार एमसीबी जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा (11 से 18 जुलाई 2026) का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल परिसर मनेन्द्रगढ़ से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के शहरी और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को छोटे परिवार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करेगा। इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, सुश्री लक्ष्मी रजक, जिला लेखा प्रबंधक रविन्द्र सिंह, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुलेमान खान सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध समाज की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखी गई है। दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल रखने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आती है साथ ही माँ और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है। उन्होंने बताया कि 11 से 18 जुलाई तक जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों में परिवार नियोजन से संबंधित सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इच्छुक दंपत्तियों के लिये पुरुष एवं महिला नसबंदी की सुविधा, कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली और कंडोम जैसे अस्थायी साधनों का निःशुल्क वितरण किया जायेगा साथ ही प्रशिक्षित काउंसलर्स परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देंगे।

अभियान को सफल बनाने में एएनएम, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वे घर-घर जाकर योग्य दंपत्तियों से संपर्क कर परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करेंगे तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देंगे।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने कहा कि 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल इस अभियान को सफल बनाने के लिये पूरी तरह तैयार है। अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच (एएनसी), सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की देखभाल तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाएं और स्वस्थ, खुशहाल एवं समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment