नीट पेपर लीक मामले से आहत होकर आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं को दी गई विनम्र श्रद्धांजलि, राहुल गांधी के कोटा संबोधन की एलईडी स्क्रीन पर प्रस्तुति, छात्रों एवं अभिभावकों से किया गया संवाद
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा जिला मुख्यालय अनूपपुर स्थित सर लगन पैलेस में जन संवाद कार्यक्रम एवं राजस्थान के कोटा में राहुल गांधी द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण संबोधन की एलईडी स्क्रीन पर प्रस्तुति का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुड्डू चौहान, विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह मार्को, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह, पंचायती राज संगठन जिलाध्यक्ष संध्या वर्मा, जिला कांग्रेस महासचिव सत्येन्द्र दुबे, जिला कांग्रेस महासचिव राघवेंद्र पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष गुलाब पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष रजन राठौर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी अहमद सहित उपस्थित अभिभावकों एवं कांग्रेसजनों द्वारा नीट पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर आत्महत्या करने वाले 21 होनहार छात्र-छात्राओं तथा लखनऊ अग्निकांड में अपनी जान गंवाने वाले 15 छात्र-छात्राओं को पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि देकर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार तथा देश में बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ चलाया जा रहा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी अभियान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रारंभ किए गए इस अभियान का उद्देश्य छात्रों, युवाओं एवं अभिभावकों की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक पहुंचाना तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग करना है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा शहर से राहुल गांधी द्वारा आयोजित विशाल छात्र रैली के माध्यम से की गई थी। कांग्रेस पार्टी देशभर के 28 प्रमुख शहरों में प्रेस वार्ताएं एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं, छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से सीधे संवाद स्थापित कर रही है। अभियान के माध्यम से लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में बढ़ती अनियमितताओं तथा शिक्षा क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान कोटा, राजस्थान में राहुल गांधी द्वारा छात्रों को संबोधित किए गए महत्वपूर्ण संबोधन का वीडियो एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया। उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने पूरे संबोधन को गंभीरता से देखा और शिक्षा तथा रोजगार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी समझ विकसित की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को जाना गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के अलावा सबसे अधिक संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण मौजूद रहें।




































