मनेन्द्रगढ़। स्वच्छ और सुंदर मनेन्द्रगढ़ के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला एमसीबी के नेतृत्व में मनेन्द्रगढ़ बस स्टैंड परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने सहभागिता निभाई। सुबह से ही बस स्टैंड परिसर में युवाओं ने मोर्चा संभालते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। हाथों में झाड़ू लेकर मैदान में उतरे कार्यकर्ताओं ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ शहर केवल योजनाओं से नहीं बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से बनता है।
अभियान के दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि स्वच्छता राष्ट्र निर्माण की पहली सीढ़ी है। युवा शक्ति जब समाजहित के कार्यों में आगे आती है तो बदलाव निश्चित रूप से दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास केवल एक दिन सफाई करना नहीं बल्कि लोगों में स्वच्छता को लेकर स्थायी जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घर, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर एक बड़े परिवर्तन की नींव रखते हैं।
बस स्टैंड परिसर में चला यह अभियान केवल सफाई कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वच्छता, जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता का संदेश बनकर सामने आया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष सिंह, जिला महामंत्री आशीष मजूमदार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, पूर्व जिलाध्यक्ष लखन लाल श्रीवास्तव, अनिल केसरवानी, भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आनंद ताम्रकार, राहुल सिंह, अंकुर जैन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पटवा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष जलील शाह, जिला महामंत्री अजय सिंह, मंडल अध्यक्ष राहुल जायसवाल, नील कमल, अनीष सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


































































