बरसात से पहले नगर परिषद बनगांव अलर्ट: नालों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई शुरू, जलभराव रोकने पर फोकस रिपोर्टर – अयोध्या बी.एल. सिंह

---Advertisement---

बरसात से पहले नगर परिषद बनगांव अलर्ट: नालों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई शुरू, जलभराव रोकने पर फोकस
रिपोर्टर – अयोध्या बी.एल. सिंह

अनूपपुर। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए नगर परिषद बनगांव ने सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है। नगर परिषद क्षेत्र में नालियों, बड़े नालों, तालाबों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की व्यापक स्तर पर सफाई कराई जा रही है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके।

नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखनलाल पनिका के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों की टीम लगातार विभिन्न वार्डों और बस्तियों में पहुंचकर नालियों में जमा गाद, प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को हटाने का कार्य कर रही है। नगर प्रशासन का प्रयास है कि वर्षा जल का प्रवाह बाधित न हो और पानी आसानी से संचायक नालियों से होकर बड़े नालों तक पहुंच सके।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखनलाल पनिका ने बताया कि बरसात के दौरान कई बार नालियां जाम होने से पानी घरों और गलियों तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी स्थिति से बचाव के लिए पहले से तैयारी करते हुए नगर परिषद ने सफाई अभियान को प्राथमिकता दी है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है जहां पूर्व वर्षों में जलभराव की समस्या अधिक रही है।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद की प्राथमिकता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त बनाना भी उद्देश्य है। इसके लिए तालाबों की सफाई, पार्कों का रखरखाव और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित निगरानी की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ने के बाद साफ-सफाई व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। नियमित सफाई और समय रहते की जा रही तैयारी से लोगों को उम्मीद है कि इस बार बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या पहले की तुलना में कम होगी।

नगर परिषद बनगांव द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत कर रहा है, बल्कि आने वाले मानसून को देखते हुए नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment