बोर्ड परीक्षा का परिणाम विद्यार्थियों के करियर की एक महत्वपूर्ण शुरुआत -सीईओ जिला पंचायत
कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रावीण्य सूची में स्थान अर्जित करने वाले छात्र-छात्राओं का आयोजित हुआ सम्मान समारोह
कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर विद्यार्थियों को किया सम्मानित
अनूपपुर 16 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि अनूपपुर जिला शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है, जिसके परिणाम ही उनके भविष्य की दिशा निर्धारित करते हैं। अनूपपुर जिले ने इस वर्ष अभूतपूर्व सफलता प्राप्त करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान करने का अवसर प्राप्त हुआ है। इन विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और समर्पण के कारण ही जिले ने हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) में प्रदेश में प्रथम तथा हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कलेक्टर श्री पंचोली आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल बोर्ड परीक्षा परिणाम-2026 के अंतर्गत कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान अर्जित करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कलेक्टर श्री पंचोली ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बड़े सपने अवश्य देखने चाहिए, क्योंकि सपने ही सफलता की पहली सीढ़ी होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से निर्धारित करें और उसी दिशा में आगे बढ़ें। साथ ही उन्होंने कहा कि अच्छे कॉलेज में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करें तथा जो विद्यार्थी सिविल सर्विसेज, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, चार्टर्ड अकाउंटेंसी सहित अन्य क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं, वे अभी से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट जांए। कलेक्टर श्री पंचोली ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के सपनों को समझें और उन्हें पूरा करने में हर संभव सहयोग प्रदान करें, ताकि विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने कहा कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा का परिणाम विद्यार्थियों के करियर की एक महत्वपूर्ण शुरुआत होता है और यह उन्हें आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे निरंतर अधिक मेहनत करते हुए अपने सपनों को साकार करने का प्रयास करें। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे अधिक से अधिक परिश्रम करें तथा अपने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज का सम्मान करें, जिससे वे एक जिम्मेदार और सफल नागरिक बन सकें।
कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान अर्जित करने वाले कक्षा 10वीं की छात्रा खुशी साहू तथा कक्षा 12वीं के छात्र धीरज पांडेय को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। इसी प्रकार जिला स्तरीय मेरिट सूची में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों कविता दुबे, गायत्री देवी, पीयुष जोगी, आयुषी शर्मा, सृष्टि पांडेय एवं रिचा सिंह राठौर तथा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों शिप्रा शर्मा, आकांक्षा उपाध्याय, सक्षम गुप्ता, मोनिका राठौर, आदित्य ताम्रकार, संस्कृति मिश्रा, मनमोहन पाठक, गायत्री केवट एवं सिद्धार्थ साहू को भी शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने बच्चों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडेय, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, जिला शिक्षा अधिकारी श्री तुलाराम आर्माे सहित विद्यार्थी एवं विद्यार्थियों के अभिभावक, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापक तथा पत्रकार उपस्थित थे।




























